बलौदाबाजार। सड़क हादसे में पुलिस विभाग के दो जवानों की मौत हो गई। हथबंद थाना क्षेत्र के उड़ेला–पौसरी मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। इस दौरान एक आरक्षक की मौके पर मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरे आरक्षक की इलाज के दौरान रायपुर में मृत्यु हो गई।
जानकारी के अनुसार, आरक्षक धर्मेंद्र यादव जो जिला बलौदाबाजार के साइबर सेल में पदस्थ थे तथा आरक्षक प्रशांत धर दीवान जो थाना हथबंद में तैनात थे, मंगलवार सुबह एक प्रकरण की विवेचना के सिलसिले में मोटरसाइकिल से निकले थे। सुबह लगभग 11 बजे वे हथबंद क्षेत्र के उड़ेला–पौसरी के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों जवान सड़क पर दूर जा गिरे।
हादसे में धर्मेंद्र यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल प्रशांत धर दीवान को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई।
जिला पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने घटना पर गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग ने दो कर्तव्यनिष्ठ और समर्पित जवान खो दिए हैं। उन्होंने परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया और दुर्घटना की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने ट्रक चालक और वाहन की पहचान के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। दो जवानों की असामयिक मृत्यु से पूरे जिले के पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।







