गारियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में नेशनल हाईवे-130 सी पर गुरुवार सुबह सड़क़ हादसा हो गया। हादसे में जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप बाल-बाल बच गए। वे अपनी इनोवा कार से निजी निवास से राजधानी की ओर जा रहे थे, तभी राजापड़ाव के पहले हाईवे के मोड़ पर सामने से आ रही पिकअप ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इनोवा वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
हादसा जुगाड़ और मैनपुर थाना क्षेत्र के बीच हुआ। राजापड़ाव के पहले हाईवे के एक मोड़ पर गरियाबंद की ओर से आ रही पिकअप सामने से जिला पंचायत अध्यक्ष की इनोवा से जा भिड़ी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक नेशनल हाईवे-130 सी पर झरियाबहारा से धूर्वागुड़ी के बीच करीब 40 किलोमीटर का हिस्सा बरसात के दौरान हादसों के लिहाज से बेहद संवेदनशील बना हुआ है। अभ्यारण्य क्षेत्र में सड़क़ चौड़ीकरण का काम नहीं होने के कारण वाहन चालकों को कई जगह परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में इस मार्ग पर लगातार सड़क़ हादसे हो रहे हैं। करीब एक महीने पहले भी इसी हाईवे पर हुए सडक़ हादसे में देवभोग रेंजर और उनके चालक की मौत हो गई थी।







