Home » दिन दहाड़े घटना : घर से चालान के नाम पर बुलाकर महिला के गले से लूट लिया सोने का चेन
छत्तीसगढ़

दिन दहाड़े घटना : घर से चालान के नाम पर बुलाकर महिला के गले से लूट लिया सोने का चेन

बिलासपुर। शहर में दिनदहाड़े एक महिला से झपटमारी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला चौक स्थित महावीर नगर में निवासरत 71 वर्षीय शांति सुधा पालित के साथ यह घटना घटित हुई। एक अज्ञात व्यक्ति ने चालान की बात कहकर उन्हें घर के बाहर बुलाया और उनके गले से करीब डेढ़ तोला सोने की चेन छीनकर फरार हो गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना 19 मई 2025 को दोपहर करीब 3 बजे की है। पीड़िता शांति सुधा पाटिल अपने घर पर थी। एक नीले रंग की एक्टिवा सीजी 28- 4211 में सवार एक युवक ने घर का दरवाजा खटखटाया। युवक ने खुद को किसी सरकारी विभाग से संबंधित बताकर कहा कि उनके नाम से चालान आया है। जैसे ही शांति सुधा दरवाजे पर पहुंची और जानकारी लेने लगी, तभी युवक ने मौका पाकर उनके गले से सोने का चेन झपट लिया और एक्टिवा से भाग निकला।

पीड़िता ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी के निर्देशानुसार आरोपी के खिलाफ धारा 304 के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने जांच प्रारंभ कर दिया है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में यह पाया गया है कि आरोपी ने हेलमेट पहन रखा था। वह काले रंग की फार्मल शर्ट पैंट में था। जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। इस वारदात ने एक बार फिर से शहरवासियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। वरिष्ठ नागरिकों की विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। यह घटना न सिर्फ वृद्धजनों के लिए बल्कि आम नागरिकों क्रे लिए भी एक चेतावनीहै कि किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर घर से बाहर न निकलें और चालान या दस्तावेजों की बात कहकर दरवाजे पर बुलाने वाले व्यक्तियों से सतर्क रहें।

Search

Archives