कोरबा। ग्राम पंचायत झाबर स्थित आंगनबाड़ी क्रमांक 3 में मंगलवार को एक बड़ी घटना होने से टल गई। छत का प्लास्टर भरभराकर गिर गया। केंद्र में मौजूद छोटे बच्चों की जान बाल -बाल बच गई। सौभाग्य से किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। ग्रामीणों ने घटना में लापरवाही का आरोप लगाया है। साथ ही उचित कार्रवाई की मांग की है।
विधायक प्रतिनिधि नीलेश साहू ने बताया कि भवन की जर्जर स्थिति को लेकर कई बार सरपंच और सचिव को अवगत कराया गया था, बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं की गई। पंच अमर सिंह ने भी समय-समय पर प्रशासन को अवगत कराया, लेकिन इसे अधिकारियों द्वारा इसे अनदेखा किया गया। इधर घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणो ंने प्रशासन से मांग की है कि मामले में लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए और आंगनबाड़ी भवन की मरम्मत या पुननिर्माण की दिशा में ठोस कदम उठाया जाए। नीलेश साहू ने कहा कि हमने कई बार चेताया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अब शायद बच्चों की जान जाने के बाद ही प्रशासन जागेगा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।







