बलरामपुर। थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। झगड़े के बाद पत्नी मायके चली गई थी। उसके पीछे पहुंचे पति ने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। महिला को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।
मामला बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना अंतर्गत ग्राम परेवा में गुरुवार की सुबह सामने आया। शंकरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परेवा निवासी रामप्रसाद कोरवा ने शंकरगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी बेटी सीमा की शादी ग्राम मनोहरपुर निवासी समलू पहाड़ी कोरवा उम्र 31 वर्ष से हुई है। बुधवार की रात बेटी व दामाद के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था।
इसके के बाद सीमा नाराज होकर ग्राम परेवा आ गई थी। इसी बीच गुरुवार की सुबह समलू पत्नी को ढूंढते हुए वहां पहुंचा और चरित्र संदेह के कारण उस पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में सीमा के दोनों हाथ, पैर, माथे एवं आंख के पास गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध 113/2025 धारा 109 भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी समलू पहाड़ी कोरवा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।







