कार बुरी तरह हुई क्षतिग्रस्त
बिलासपुर। शहर में गुरूवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में अफरा तफरी मच गई। सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत अरपापार नूतन चौक स्थित सेंट्रल लाइब्रेरी के सामने रेत से भरी तेज रफ्तार हाइवा ने एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में कार सवार युवती समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना रात करीब 11.20 बजे की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार सीजी 12 एयू 0995 को तेज रफ्तार हाइवा सीजी 18 जे 9955 जो रेत से भरी थी, तेज रफ्तार से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उसके दरवाजे चिपक गए। हादसे के बाद चीख पुकार मच गई और बड़ी संख्ंया में लोग मौके पर जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस के समय पर नहीं पहुंचने पर घायलों को डॉयल 112 के माध्यम से सिम्स अस्पताल भेजा गया। कार में फंसी युवती को लोगों ने दूसरी गाड़ी से टोचन कर दरवाजा उखाड़कर बाहर निकाला। देरी से एंबुलेंस पहुंचने पर भीड़ में आक्रोश भी देखा गया। जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात करना पड़ा। सभी घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
—







