बिलासपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के दयालबंद में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब भाई से विवाद के बाद नाराज एक युवक घर से निकलकर बिजली के टावर पर जा चढ़ा। युवक को ऊंचाई पर बैठा देखकर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। करीब दो घंटे तक मोहल्लेवासी उसे समझाकर नीचे उतरने के लिए मनाते रहे, लेकिन वह टावर से नीचे आने को तैयार नहीं हुआ। आखिरकार दो युवकों ने बातचीत कर किसी तरह उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसके बाद पुलिस युवक को थाने ले गई और पूछताछ के बाद उसे परिजन के हवाले कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार दयालबंद स्थित दुर्गा मंदिर के पीछे रहने वाले कुंदन केसरी 32 वर्ष पिता कमल केसरी का शनिवार को किसी बात को लेकर अपने भाई से विवाद हो गया। विवाद के बाद कुंदन केसरी नाराज हो गया और घर से निकल गया। कुछ देर बाद वह नदी किनारे गुरूनानक स्कूल के पास स्थित बिजली टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। काफी समझाईश के बाद क्षेत्र के दो युवकों ने उसे किसी तरह नीचे उतारा। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने युवक से पूछताछ कर विवाद और टावर पर चढ़ने के कारण की जानकारी ली। पूछताछ के बाद पुलिस ने समझाईश देकर युवक को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।







