Home » दो बाइक की आमने सामने जोरदार टक्कर : पिता और अबोध बेटी सहित तीन की दर्दनाक मौत
छत्तीसगढ़

दो बाइक की आमने सामने जोरदार टक्कर : पिता और अबोध बेटी सहित तीन की दर्दनाक मौत

अंबिकापुर । सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र के कोटछाल-कापू मार्ग पर दो बाइक की आमने सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार पिता व अबोध बेटी सहित तीन लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को सीतापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया है। तेज गति को दुर्घटना का कारण बताया जा रहा है। किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। सिर में गंभीर चोट के कारण तीनों की मौत हुई।

मिली जानकारी के अनुसार जामकानी जूनापारा निवासी दिलीप राम ( 38), पत्नी और पांच वर्षीय अबोध बेटी रोशनी के साथ साप्ताहिक बाजार गया था। शाम को वह वापस लौट रहा था। मार्ग में उनकी बाइक जामकानी के ठाकुरपारा निवासी विक्रम (19) से टकरा गई। विक्रम भी बाइक से वापस लौट रहा था। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक में सवार चारों लोग छिटककर पक्की सड़क पर गिर गए। सिर में आई गंभीर चोट की वजह से दिलीप, उसकी बेटी तथा विक्रम की मौत हो गई। दुर्घटना में दिलीप की पत्नी गंभीर रूप से घायल हुई है। उसे एंबुलेंस से सीतापुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना में दोनों बाइक बुरी तरीक़े से क्षतिग्रस्त हो गई है। मृतकों के शवों को सीतापुर पहुंचा दिया गया है। इस मार्ग पर तेज गति के कारण पहले भी हादसे हो चुके हैं।

Search

Archives