Home » भरारी में दिल दहला देने वाली वारदात : आठवी के छात्र की हत्या, 14 दिनों से था लापता
छत्तीसगढ़

भरारी में दिल दहला देने वाली वारदात : आठवी के छात्र की हत्या, 14 दिनों से था लापता

स्कूल बिल्डिंग में मिली लाश

रतनपुर। थाना क्षेत्र अंतर्गत भरारी में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। सरस्वती शिशु मंदिर रतनपुर में कक्षा आठवी के 13 वर्षीय छात्र चिन्मय सूर्यवंशी पिता संजय सूर्यवंशी की हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में सामने आया कि लूट की नीयत से इस वारदात को अंजाम दिया गया और शव को छुपाने के लिए पुरानी स्कूल बिल्डिंग में फेंक दिया।

घटना 31 जुलाई शाम की है। जब चिन्मय करीब 5 बजे अपने घर से मोबाइल लेकर दोस्तों के साथ निकला था। देर रात तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की और इसकी सूचना पुलिस को दी। परिजनों और पुलिस की टीम लगातार उसकी तलाश कर रही थी। लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। आज पुलिस को सफलता मिली, जब चिन्मय के मोबाईल पर दूसरा सिम डालकर उसे चालू किया। मोबाइल के सक्रिय होने की जानकारी तकनीकी टीम को मिली और लोकेशन ट्रेस करते हुए पुलिस ने आरोपी तक पहुंच बनाई। इस दौरान पुलिस ने ग्राम भरारी निवासी 19 वर्षीय छत्रपाल सूर्यवंशी को हिरासत में लिया।

पूछताछ में छत्रपाल ने चौकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वह और उसके साथियों ने मोबाईल लूटने की योजना बनाई थी। इसी दौरान चिन्मय उनके हाथ लग गया। मोबाईल लूटने के दौरान उन्होंने चिन्मय की हत्या कर दी, ताकि घटना का राज न खुल सके। हत्या के बाद शव को भरारी स्कूल की एक पुरानी और बंद पड़ी बिल्डिंग की खिड़की से अंदर फेंक दिया गया, जिससे किसी को शक न हो। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एफएसएल टीम को बुलाया और वैज्ञानिक तरीके से जांच कराई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने मामले में चार संदेहियों को हिरासत में लिया है। उनसे कड़ी पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा। इधर हत्या की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्राम भरारी और आसपास के इलाकों में मातम छा गया है। 13 वर्षीय मासूम की इस तरह हुई बेरहमी से हत्या ने लोगों को झकझोर दिया है। लोग घटना की निंदा कर रहे हैं। साथ ही आरोपियों को कड़ी सजा की मांग भी कर रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चिन्मय की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होते ही टीम ने सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी थी। तकनीकी निगरानी, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की सूचना के आधार पर आखिरकार आरोपी तक पहुंच बनाई गई। घटना ने चौका दिया है कि आखिर मोबाइल जैसी वस्तु के लालच में लोग किस हद तक जा सकते हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को जल्द से जल्द कोर्ट में पेश किया जाएगा और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाएगा। चिन्मय की मौत से परिवार पूरी तरह टूट चुका है। पिता संजय सूर्यवंशी और अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी परिवार को ढांढस बंधाने में लगे हुए हैं। मासूम की याद में सभी भावुक हो गए हैं। यह घटना आने वाले समय में क्षेत्र के लिए एक याद बनकर रह जाएगी।

Search

Archives