जांजगीर-चाम्पा। इकलौते बेटे की कुछ दिन पहले सड़क दुर्घटना में मौत का सदमा माता-पिता से बर्दाश्त नही कर सके। दोनों ने पेड़ में फांसी का फंदा बनाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
जानकारी के मुताबिक जांजगीर-चांपा के ग्राम धरदेई ने यह हृदय विदारक घटना हुई है। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। मृतकों की पहचान रमाबाई पटेल 47 वर्ष और कृष्णा पटेल 48 वर्ष के रूप में हुई है। दोनों अपने घर में साड़ी से बनाए फांसी के फंदे पर पेड़ से लटके मिले, जिसकी जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। बहरहाल मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
आसपास के लोगों का बयान
कृष्णा पटेल के घर का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुला। इस पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। भीतर झांककर देखा तो दंपती फांसी पर लटके मिले। सूत्रों के अनुसार कुछ दिन पहले ही दंपती के इकलौते बेटे की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। जवान बेटे की असमय मौत से दोनों पूरी तरह टूट चुके थे और सदमे में थे। परिजनों का कहना है कि बेटे की मौत से ही वे मानसिक रूप से काफी परेशान और अवसादग्रस्त नजर आ रहे थे।
मौत के वास्तविक कारण की जांच कर रही पुलिस
आशंका जताई जा रही है कि मानसिक आघात के चलते दंपती ने आत्मघाती कदम उठाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। परिजन और ग्रामीण स्तब्ध हैं तथा पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।







