Home » भयावह दृश्य देख चीख उठी दादी की ममता : पिता ने डेढ़ वर्षीय मासूम बेटे को उतारा मौत के घाट
छत्तीसगढ़

भयावह दृश्य देख चीख उठी दादी की ममता : पिता ने डेढ़ वर्षीय मासूम बेटे को उतारा मौत के घाट

ईंट से किया ताबड़तोड़ हमला, घरेलू विवाद बनी वजह

जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां घरेलू विवाद के चलते एक पिता ने अपने ही डेढ़ वर्षीय मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार आरोपी शिवाजी निषाद 35 वर्ष निवासी हिर्री केवट मोहल्ला थाना पामगढ़ अपने बेटे अनुराग को गोद में लेकर सुबह करीब 10.30 बजे एक खंडहर मकान की ओर तेजी से जा रहा था। उसकी संदिग्ध हरकतों को देखकर बच्चे की दादी सीताबाई निषाद उसके पीछे पीछे चली गई, वहां पहुंचने पर उन्होंने जो दृश्य देखा, वह बेहद भयावह था। सीताबाई ने देखा कि शिवाजी अपने मासूम बेटे के सिर पर ईट के टुकड़े से लगातार वार कर रहा था। उन्होंने बीच बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई। किसी तरह उन्होंने बच्चे को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया और घर लेकर आई। परिजन तुरंत बच्चे को इलाज के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पामगढ़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 और 115 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देशन में थाना पामगढ़ पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

Search

Archives