हाईवे पर स्टंटबाजी पड़ी भारी, ट्रैफिक पुलिस का बड़ा एक्शन
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर सोशल मीडिया रील बनाने का खतरनाक जुनून एक बार फिर सामने आया है। कोनी थाना क्षेत्र में एक युवती ने चलती कार के सामने रैंप वॉक किया, शैंपेन की बोतल खोलकर सड़क पर जश्न मनाया और कार की छत पर चढ़कर अलग-अलग पोज देते हुए वीडियो शूट कराया।
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कार चालक राहुल कौशिक (30) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सरकंडा क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक वायरल वीडियो में दिखाई दे रही कार सीजी10-सीडी-141 देर रात कोनी-तुर्काडीह नेशनल हाईवे बाइपास पर दौड़ती नजर आ रही है। तुर्काडीह ओवरब्रिज के नीचे युवती कार के सामने रैंप वॉक करती दिखी, वहीं शैंपेन की बोतल से झाग उड़ाते हुए हाईवे पर खतरनाक स्टंट भी किए गए।
नंबर प्लेट से हुई पहचान, कार जब्त
वीडियो वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस हरकत में आई और वाहन नंबर के आधार पर मालिक की पहचान कर कार्रवाई की गई। पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 135 समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर कार जब्त कर ली है।
ट्रैफिक एएसपी रामगोपाल करियारे ने बताया कि आरोपी का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के लिए आरटीओ को पत्र भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि चलती गाड़ी में सनरूफ से बाहर निकलना, सड़क पर स्टंट करना और हाईवे पर इस तरह का सेलिब्रेशन गंभीर हादसों को न्योता देता है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
बिलासपुर में हाईवे स्टंट और रीलबाजी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। हाल ही में बीएमडब्ल्यू कार में सनरूफ खोलकर युवती के डांस का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने कार जब्त कर चालक प्रतीक लूथर पर कार्रवाई की थी।
इसके अलावा मस्तूरी हाईवे पर रसूखदार युवकों के कार काफिले ने सड़क जाम कर स्टंटबाजी की थी। वहीं लग्जरी कारों के साथ सड़क जाम कर रील बनाने वाले प्रभावशाली युवकों पर भी पुलिस कार्रवाई कर चुकी है।







