बलरामपुर। अवैध नशीले पदार्थो की तस्करी के खिलाफ बलरामपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। उड़ीसा से बिहार लेकर जा रहे 109.235 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। गांजे की अनुमानित कीमत 50 लाख रूपए बताई जा रही है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि उड़ीसा से बलरामपुर के रास्ते बिहार की ओर एक सफेद रंग की बोलेरो पिकअप जेएच 10एक्यू 5144 में बड़ी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस ने चेकपोस्ट लगाकर वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान संदिग्ध बोलेरो पिकअप को रोककर की तलाशी ली गई। वाहन के गुप्त चैंबर में बाक्स के अंदर छुपाकर रखे गए 100 पैकेट गांजा बरामद हुआ। जिसका कुल वनज 109.235 किलोग्राम पाया गया। बरामद गांजे की कीमत करीब 50 लाख रूपए बताई जा रही है।
पुलिस ने वाहन चालक योगीराज पिता ऐशन शाह 29 वर्ष ग्राम कतिकनार वार्ड 05, थाना नवानगर जिला बक्सर बिहार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा परिवहन में प्रयुक्त पिकअप को भी जप्त कर लिया है। अपराध क्रमांक 167/2026, धारा 20 ख, 2, ग एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी हुई है।







