बलौदाबाजार-भाटापारा । लवन थाना क्षेत्र के ग्राम लाहोद स्थित गणेश राइस मिल में देर रात भीषण आग लग गई। इस आगजनी में लाखों रुपए के धान और चावल जलकर खाक हो गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी, जिसके बाद दमकल की 4 टीमें मौके पर पहुंची और घंटों तक आग को काबू करने की कोशिश की। आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम और लवन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उसे काबू में करने के लिए पूरी रात और सुबह तक फायर टीम को मशक्कत करनी पड़ी। लवन थाना प्रभारी अमित पटले की सूझबूझ और तत्परता से आग के और अधिक फैलाव को रोका जा सका, जिससे मिल के बाकी हिस्सों और आसपास के क्षेत्र को संभावित बड़े नुकसान से बचा लिया गया।
फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। प्रशासन की ओर से घटना स्थल का निरीक्षण किया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।







