Home » फल विक्रेता हत्याकांड का खुलासा : पत्नी और प्रेमी निकले हत्यारे, पुलिस ऐसे पहुंची आरोपियों तक
छत्तीसगढ़

फल विक्रेता हत्याकांड का खुलासा : पत्नी और प्रेमी निकले हत्यारे, पुलिस ऐसे पहुंची आरोपियों तक

बलौदाबाजार। थाना पलारी पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने ग्राम वटगन में फल विक्रेता अमृत गिरी की हत्या का सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने इस प्रकरण में मृतक की पत्नी चंद्रिका गिरी और उसके प्रेमी टुन्नू कुमार शर्मा 25 वर्ष निवासी बकटपुर जिला मुजफ्फरपुर बिहार को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार मृतक अमृत गिरी की पत्नी चंद्रिका गिरी के सोशल मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम के माध्यम से टुन्नू कुमार शर्मा से अवैध संबंध बन गए थे। जब पति को इस रिश्ते की जानकारी मिली और उसने पत्नी को फटकार लगाई तो क्षुब्ध होकर चंद्रिका ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। योजनाबद्ध तरीके से दोनों ने मिलकर कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर अमृत गिरी की हत्या कर दी।

घटना के बाद पुलिस ने चंद्रिका गिरी से पूछताछ की, लेकिन वह गोलमोल जवाब देने लगी। संदेहास्पद व्यवहार के आधार पर गहन विवेचना की गई। तकनीकी साक्ष्य और साइबर सेल विश्लेषण के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी टुन्नू कुमार शर्मा को चेन्नई से गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह हत्या प्रेम प्रसंग के चलते सुनियोजित षड़यंत्र का परिणाम थी, जिसे टीम ने तत्परता और सूझबूझ से सुलझा लिया है।

Search

Archives