रायगढ़। जिले में शेयर मार्केट और अन्य निवेश स्कीमों में दोगुना लाभ का लालच देकर एक महिला और उसके परिवार से करीब 1.44 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपी राम नारायण साहू के खिलाफ धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने बताया कि उनकी मुलाकात 15 साल पहले सरायपाली, महासमुंद निवासी लक्ष्मी पटेल (45) से हुई थी। 2022 में लक्ष्मी ने अपने रिश्तेदार के जीजा राम नारायण साहू को उनके घर लाकर मिलवाया। राम नारायण ने दावा किया कि वह 2017-18 से शेयर मार्केट में काम कर रहा है और निवेश पर दोगुना लाभ दिला सकता है। लक्ष्मी ने भी दावा किया कि वह शेयर मार्केट में सक्रिय है। विश्वास जीतने के लिए राम नारायण ने पीड़िता के शुरुआती 6 लाख रुपये के निवेश पर 21 महीनों में 10 लाख रुपये लौटाए।
कुल 1 करोड़ 44 लाख 46 हजार रुपये की ठगी की गई- भाई ने जमीन बेचकर 27.36 लाख रुपये राम नारायण, हेमंत, देवनारायण, राजकुमार साहू, तुलेश्वर एलएस डिजिटल, और अनिल शंकर साहू के खातों में ट्रांसफर किए। दामाद ने 2.5 लाख रुपये का लोन लेकर राम नारायण के खाते में जमा किया। भाभी ने तीन लाख रुपये जमा किए। इसके अतिरिक्त, 70 लाख रुपये नकद में अलग-अलग तारीखों पर राम नारायण को दिए गए। कुल मिलाकर 1 करोड़ 44 लाख 46 हजार रुपये की ठगी की गई।







