शिवरीनारायण। बॉम्बे मार्केट मेन रोड के हाईटेक मोबाइल शॉप में शुक्रवार की शाम करीब 7 बजे शॉर्ट सर्किट से आग लग गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुकान के बाहर लगे बिजली मीटर के पास तारों से अचानक चिंगारी निकली, जिसके बाद कुछ ही पलों में आग लग गई।
दुकान के बाहर अचानक लगी आग को देख थोड़ी देर के लिए लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर आस-पास के व्यापरियों सहित लोगों की भीड़ जुट गईं। सूचना पर थाना प्रभारी केपी सिंह, एसआई रितेश परमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। नगर पंचायत से पानी टैंकर मंगाया गया। लोगों की मदद से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने के कारण दुकान के बाहरी हिस्से में नुकसान हुआ है। इन दिनों भीषण गर्मी के बीच रोजाना बिजली की आंख-मिचौली से लोग खासे परेशान हैं। बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। 24 घंटे में 24 से ज्यादा बार बिजली बंद हो रही है। पूरे 15 वार्ड में सभी जगह लो वोल्टेज की समस्या भी बनी हुई है।







