बिलासपुर। थाना सकरी पुलिस ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर अधिवक्ता से लाखों की ठगी करने वाले आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
प्रार्थी युगल पटेल 27 वर्ष निवासी सागर होम्स फेस- 1 थाना सकरी जिला बिलासपुर ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह जिला न्यायालय में अधिवक्ता का व्यवसाय करते हैं। अप्रैल 2025 में उनकी मुलाकात छत्रपाल पटेल निवासी नरईबोध कोरबा से हुई। उसने खुद को ऑनलाइन ट्रेडिंग का जानकार बताया। छत्रपाल ने व्हाट्सएप् पर फर्जी एप और स्क्रीन शॉट के जरिए शेयर मार्केट में भारी मुनाफा का झांसा दिया। उसकी बातों में आकर प्रार्थी ने 17 अप्रैल से 15 अगस्त 2025 के बीच छत्रपाल, उसकी मां गंगा पटेल, पिता मुरली मनोहर और भाई प्रकाश पटेल के खातों मे ं ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के माध्यम से 23.10 लाख जमा किए। इसके अलावा 2.40 लाख रूपए नकद उसके निवास सागर होम्स में सीधे छत्रपाल को दिए।
इस तरह कुल 25.50 लाख रूपए आरोपियों को सौंपे गए। कुछ समय बाद जब प्रार्थी ने रकम की मांग की तो आरोपियों ने बताया कि पैसा लॉकिंग पीरियड में है और अभी नहीं निकाला जा सकता। शंका होने पर जांच की गई तो सामने आया कि शेयर मार्केट में एक भी रूपया निवेश नहीं किया गया था। पूरी रकम का निजी उपयोग कर धोखाधड़ी की गई है। सकरी पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत पर आरोपियों छत्रपाल पटेल, गंगा पटेल, मुरली मनोहर पटेल और प्रकाश पटेल के खिलाफ धारा 3 (5), 318 (4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।







