Home » परिजनों का आरोप : स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही व प्रशासनिक उदासीनता के कारण नवजात की गई जान
छत्तीसगढ़

परिजनों का आरोप : स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही व प्रशासनिक उदासीनता के कारण नवजात की गई जान

कांकेर। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक उदासीनता ने एक नवजात की जान ले ली। जिले के अंजाड़ी गांव की रहने वाली महिला जानो बाई को अचानक प्रसव पीड़ा हुई। परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत महतारी 102 एम्बुलेंस को फोन किया, लेकिन बरसात के मौसम में नाले में पानी भरे होने के कारण वाहन गांव तक नहीं पहुंच सकी।

परिजन खाट पर लादकर प्रसव पीड़ा से कराह रही महिला को नाला पार कराने लगे। इसी दौरान महिला ने बच्चे को जन्म दिया।  परिजन नाला पार कर दूसरी ओर खड़ी एम्बुलेंस तक पहुंचे। एम्बुलेंस में इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (EMT) मौजूद नहीं था, जो मौके पर बच्चे को प्राथमिक चिकित्सा दे सकता। पखांजूर अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। वहीं, प्रसव पीड़ा से गुज़री महिला का इलाज अस्पताल में जारी है। इसे लेकर परिजनों व ग्रामीणों में आक्रोश है। उनका आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग व प्रशासनिक उदासीनता के कारण नवजात की जान गई है।

Search

Archives