रायगढ़। फर्जी बीमा पॉलिसी बनाकर 5 लाख रूपए की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार पूरा मामला रायगढ़ जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
गजानंदपुर कॉलोनी निवासी बलबीर शर्मा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वर्ष 2020 में वह पंजाब नेशनल बैंक रायगढ़ शाखा में रकम जमा करने गए थे। उसी दौरान उनके पुराने परिचित ने उन्हें बैंक में उपस्थित पीएनबी मेटलाइफ कंपनी के मैनेजर निकेश कुमार पांडेय से मुलाकात कराई, जिसने निवेश के बेहतर विकल्प के बारे में बताया। निकेश कुमार पांडेय ने भरोसा दिलाया कि पीएनबी मेटलाइफ में पांच साल के लिए निवेश करने पर अच्छा लाभ मिलेगा। भरोसे में लेकर आरोपी ने बलबीर शर्मा की पत्नी बाला देवी शर्मा के नाम 5 लाख की पॉलिसी कराने के लिए चेक ले लिया और कागजी कार्रवाई करवा ली। करीब 10-12 दिन बाद आरोपी निकेश पांडेय उनके घर पहुंचा और बीमा से संबंधित पॉलिसी के दस्तावेज सौंपे। पांच साल बाद जब पॉलिसी की अवधि पूरी हुई तो प्रार्थी बलबीर शर्मा 17 जून 2025 को बैंक पहुंचे। वहां अधिकारियों ने जांच में बताया कि उस पॉलिसी नंबर पर किसी भी प्रकार का कोई बीमा पॉलिसी जारी नहीं हुई है और दिए गए दस्तावेज पूरी तरह फर्जी हैं। पॉलिसी फर्जी निकलने पर प्रार्थी के पैरों तले जमीन खिसक गई। प्रार्थी ने आरोपी से संपर्क किया, लेकिन आरोपी टालमटोल करता रहा। जांच में पता चला कि पीएनबी मेटलाइफ के लिए दिए गए 5 लाख रूपए का चेक आरोपी ने अपनी बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा के व्यक्तिगत खाते में जमा कर रकम हड़प लिया है।
इधर मामले में प्रार्थी की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने रायपुर निवासी निकेश कुमार पांडेय को रायपुर में दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने प्रार्थी के पैसों को कंपनी में निवेश न कर खुद के खाते में डालकर रकम का निजी इस्तेमाल किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल, उपनिरीक्षक ऐनु देवांगन सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। मामले में आगे की जांच जारी है।







