Home » खेत में दौड़ा करंट: मां और दो बेटों की दर्दनाक मौत, परिवार के 3 सदस्यों की मौत से पसरा मातम
छत्तीसगढ़

खेत में दौड़ा करंट: मां और दो बेटों की दर्दनाक मौत, परिवार के 3 सदस्यों की मौत से पसरा मातम

बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम भाड़म में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में मां और उसके दो बेटों की करंट लगने से मौत हो गई। तीनों खेत में घेराबंदी का काम कर रहे थे, तभी अचानक जीआई तार में करंट दौड़ गया और वे उसकी चपेट में आ गए। घटना से पूरे गांव में शोक है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कोटा क्षेत्र के ग्राम भाड़म निवासी दसन बाई अपने खेत में फसल को मवेशियों से बचाने के लिए मेड़ पर जीआइ तार और नायलान रस्सी से घेराबंदी कर रही थीं। उनके साथ बड़ा बेटा विवेक सिंगरौल (23) और छोटा बेटा सत्यव्रत सिंगरौल (14) भी मौजूद था। काम के दौरान अचानक तीनों करंट की चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला और तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

दसन बाई के पति सीताराम सिंगरौल ड्राइवर हैं। शुक्रवार की सुबह ही वे काम पर निकल गए थे। देर शाम घर लौटने पर जब पत्नी और दोनों बेटे नहीं मिले तो उन्होंने आसपास पूछताछ की।

मोहल्ले में जानकारी जुटाने के बाद वे खेत पहुंचे। खेत में मेढ़ के पास पत्नी और दोनों बेटों के शव मिले। इसे देखकर वे बदहवास हो गए और तत्काल गांव के लोगों को इसकी जानकारी दी। इस बीच गांव के लोग भी बड़ी संख्या में खेत के पास पहुंच गए।

पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपा

इधर सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शाम होने के कारण शुक्रवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका। शनिवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। प्रारंभिक जांच में करंट लगने से मौत की पुष्टि हुई है, लेकिन खेत में करंट कैसे पहुंचा, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। आशंका है कि किसी विद्युत तार के संपर्क में आने या अन्य तकनीकी कारण से जीआइ तार में करंट प्रवाहित हुआ होगा। पुलिस और संबंधित विभाग सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। जांच रिपोर्ट के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आएगी।

Search

Archives