Home » नैला का दुर्गा उत्सव इस बार होगा और भी भव्य, श्वेत मंदिर के शीश महल में विराजेंगी मां दुर्गा
छत्तीसगढ़

नैला का दुर्गा उत्सव इस बार होगा और भी भव्य, श्वेत मंदिर के शीश महल में विराजेंगी मां दुर्गा

140 फीट ऊंचा पंडाल, 150 फीट चौड़ा भव्य प्रवेश द्वार और 35 फीट ऊंची प्रतिमा

श्रीश्री दुर्गा पूजा उत्सव नैला जांजगीर समिति ने मीडिया से की चर्चा

जांजगीर-चाम्पा। श्रीश्री दुर्गा पूजा उत्सव समिति नैला-जांजगीर द्वारा दुर्गात्सव की तैयारी की जा रही है। इस बार जगत जननी मां दुर्गा म्यांमार के श्वेत मंदिर में मां लक्ष्मी के स्वरूप में कमल फूल पर विराजेंगी। पंडाल का बाह्य स्वरूप म्यांमार के श्वेत मंदिर की तरह होगा तो इंटीरियर अक्षरधाम मंदिर के शीश महल की तरह सजेगा।

श्री श्री दुर्गा पूजा उत्सव समिति नैला-जांजगीर द्वारा इस बार भी भव्यतम स्वरूप दिया जा रहा है। मातारानी के सेवकों ने प्रेसवार्ता में यह जानकारी दी। राजू पालीवाल ने बताया कि श्री श्री दुर्गा पूजा उत्सव का यह आयोजन का 42वां वर्ष है। 40 साल तक नैला रेलवे स्टेशन परिसर में दुर्गात्सव मनाते आ रहे है। लेकिन पिछले वर्ष से अग्रसेन भवन के सामने नैला आयोजित हो रहे है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष भव्यता की नई मिसाल देखने को मिलेगी। कलकत्ता के अंतरराष्ट्रीय कलाकार द्वारा आकर्षक लाइटिंग से सजाया रहा है। पंडाल का निर्माण म्यांमार के विश्व प्रसिद्ध श्वेत मंदिर की तर्ज पर किया जा रहा है, जो अपने अद्वितीय स्थापत्य सौंदर्य और आध्यात्मिकता, शांति के लिए जाना जाता है।

पालीवाल ने बताया कि म्यांमार के विश्व प्रसिद्ध श्वेत मंदिर की तर्ज पर विशाल प्रवेश द्वार बनाया जा रहा है जिसकी ऊँचाई 140 फीट और चौड़ाई 150 फीट होगी। पूरी संरचना श्वेत रंग में तैयार की जाएगी, जो श्रद्धालुओं को दिव्यता, शांति और सांस्कृतिक गौरव का अनुभव कराएगी। यह पंडाल न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र होगा, बल्कि स्थापत्य कला और संस्कृति का अद्भुत संगम भी प्रस्तुत करेगा। हर वर्ष की तरह इस बार भी दुर्गा प्रतिमा विशेष थीम और पारंपरिक शिल्पकारी के साथ तैयार की जाएगी। आयोजन समिति का दावा है कि यह पंडाल पूरे प्रदेश सहित देशभर के भक्तों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।

राजू पालीवाल ने बताया कि पंडाल में प्रशिक्षित मेडिकल कर्मचारियों के देखरेख में प्राथमिक चिकित्सा, एम्बुलेंस व व्हील चेयर की सुविधा रहेगा। अधिकृत एजेंसी एवं कुशल व्यक्तियों के साथ अग्निशामक लगाए जा रहे है। पूरे पंडाल में दो सौ से अधिक सीसीटीवी लगाए जावेंगे। 24 घंटे विद्युत व्यवस्था को बनाये रखने के लिए जनरेटर लगाए जा रहे है। श्री पालीवाल ने कहा कि प्रशासन के निर्देश व सहयोग पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त रखी जावेगी। दो सौ वालेंटियर कार्य करेंगे। पंडाल क्षेत्र में पेयजल, नैला धर्मशाला व अग्रसेन भवन में विश्राम एवं अन्य व्यवस्था रखी गई है। पार्किंग के लिए अलग से व्यवस्था रखी गई है। प्रेस वार्ता के दौरान वरिष्ठ पत्रकार पवन अग्रवाल, अशोक शर्मा, गोपाल दुबे, किशोर गुप्ता, प्रदीप गोयल, संजय भोपालपुरिया सहित आयोजकगण उपस्थित थे। पत्रकार वार्ता का संचालन पंकज अग्रवाल ने किया।

शीश महल के तर्ज पर बन रहा गुंबज :

पंडाल के अंदर का अक्षरधाम मंदिर के तर्ज में शीश महल बनाया जा रहा है जहां दुर्गा मां विराजेंगी। इस वर्ष लक्ष्मी के स्वरूप में मां दुर्गा पधार रही हैं इसलिए कमल फूल पर विराजित रहेंगी। 35 फीट ऊंची मां दुर्गा की प्रतिमा तैयार की जा रही है। मां दुर्गा का श्रृंगार हीरे-मोती, सोने-चांदी के जेवरातों के साथ ही आर्टिफिशियल जेवरात भी उपयोग में लाए जायेंगे। एलईडी प्रोजेक्टर के माध्यम से विभिन्न थीमों पर मंदिरों और कहानियों का प्रदर्शन किया जावेगा।

समिति ने की लोगों से अपीलः

श्री श्री दुर्गा उत्सव के सेवक राजू पालीवाल ने महिलाओं से विनम्र अपील की है कि मातारानी की दर्शन करने आते समय कीमती आभूषण पहनकर एवं समान लेकर न आए। चूंकि उत्सव के दौरान बहुत भीड़ रहती है, जिसका फायदा कुछ असामाजिक तत्व के लोग उठाते है।

Search

Archives