मस्तुरी। थाना मस्तूरी क्षेत्र में मंगलवार की रात दर्दनाक हादसे ने लोगों को दहला दिया है़। भदौरा चौक से आगे जांजगीर रोड एनएच 49 स्थित प्रतिमा पेट्रोल पंप के पास रात लगभग 9.45 बजे नशे में धुत ट्रेलर चालक ने 14 गौवंशों को कुचल दिया। हादसे में मौके पर ही 10. गौवंशों की मौत हो गई, जबकि 4 गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर ट्रेलर को जप्त कर लिया है।
घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के जिला गौ रक्षा प्रमुख मंजीश सिंह ठाकुर ने थाना मस्तुरी को जानकारी दी। उन्होंने थाना प्रभारी को दिए लिखित आवेदन में बताया कि वह अपने साथियों क्रे साथ भदौरा चौक से आगे जांजगीर रोड पर मौजूद थे। तभी ट्रेलर क्रमांक सीजी 11 एके 9525 का चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क किनारे बैठे गोवंशों पर चढ़ा दिया। हादसे के समय चालक शराब के नशे में धुत था। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मस्तूरी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आरोपी चालक और वाहन को पकड़कर थाने लाया गया। मृत और घायल गौवंशों को गौ सेवकों की मदद से सड़क किनारे से हटाकर घायल गौवंशों का इलाज किया जा रहा है। मृत गौवंशों का अंतिम संस्कार किया गया है।
मंजीश सिंह ठाकुर ने यह भी बताया कि इसी कंपनी के वाहनों द्वारा बीते एक हफ्ते में दूसरी बार ऐसी घटना को अंजाम दिया गया है। उन्होंने मांग की है कि आरोपी चालक के साथ-साथ वाहन पर भी सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही न हो सके।







