जांजगीर। शराब के नशे में एक पति इस कदर हैवान बन गया कि उसने अपनी पत्नी पर तारपीन तेल डालकर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरी महिला जान बचाने के लिए चीखते हुए घर से बाहर भागी। पड़ोसियों ने किसी तरह आग बुझाई, लेकिन तब तक महिला गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। घटना के बाद फरार आरोपी पति को अकलतरा पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर रायपुर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी लालमणी यादव उर्फ मनीराम यादव मूल रूप से करूमंहू का निवासी है और पिछले चार वर्षों से पत्नी-बच्चों के साथ अकलतरा के पोड़ीभाठा वार्ड क्रमांक. 1 में रह रहा था। 12 अक्टूबर को घरेलू विवाद के दौरान उसने पत्नी के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद घर में रंग-रोगन के लिए रखे तारपीन तेल को पत्नी के ऊपर डालकर माचिस से आग लगा दी। महिला की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पानी डालकर आग बुझाई। गंभीर हालत में महिला को पहले सीएचसी अकलतरा, फिर सिम्स बिलासपुर और बाद में डीकेएस अस्पताल रायपुर रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है। रायपुर में उसके छिपे होने की सूचना पर टीम ने देर रात दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ अकलतरा थाने में धारा 296, 115 (2), 351 (3), 118 (2) एवं 109 में कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।







