Home » बेलगहना वन क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पुल के नीचे मिला भालू का शव, ट्रेन की टक्कर से मौत की आशंका
छत्तीसगढ़

बेलगहना वन क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पुल के नीचे मिला भालू का शव, ट्रेन की टक्कर से मौत की आशंका

जांच में जुटा वन विभाग

बिलासपुर। जिले के बेलगहना वन विकास क्षेत्र में एक भालू का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। डांडबछाली के पास रेलवे लाइन के खंभा नंबर 779/2 के समीप स्थित सुख नइया नाला में एक अधेड़ उम्र का भालू मृत अवस्था में मिला। सूचना मिलते ही वन विकास निगम और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि भालू की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है।

बताया जा रहा है कि रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान तेज रफ्तार ट्रेन से टक्कर लगने के बाद भालू उछलकर पास के नाले में गिरा होगा। जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विकास निगम के अधिकारियों के साथ वन विभाग के चिकित्सक भी घटनास्थल पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि भालू के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों अधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।

फिलहाल वन विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है। घटना ने एक बार फिर रेलवे ट्रैक से लगे वन क्षेत्रों में वन्यजीवों की सुरक्षा और उनके सुरक्षित आवागमन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। ऐसे में रेलवे ट्रैक पर उनकी सुरक्षा के लिए प्रभावी उपाय किए जाने की आवश्यकता है।

Search

Archives