कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र में शनिवार को सनसनी फैल गई। शांति नगर स्थित एक क्रेशर प्लांट परिसर की खदान में एक युवक का शव उसकी बाइक समेत मिला। मृतक की पहचान 25 वर्षीय दीपक तिवारी के रूप में हुई है, जो गौरमाटी का निवासी था और शांति नगर लोहारा में रह रहा था।
दीपक तिवारी 21 मई की रात से लापता था, जिसकी गुमशुदगी 22 मई को लोहारा थाने में दर्ज कराई गई थी। शनिवार स्थानीय लोगों ने क्रेशर प्लांट की खदान में शव और बाइक देखी। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सहसपुर लोहारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को खदान से बाहर निकाला।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह मामला संदिग्ध माना जा रहा है। प्रथम दृष्टया युवक के दुर्घटनावश गिरने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस आत्महत्या सहित अन्य संभावित पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटनास्थल की परिस्थितियों और युवक की स्थिति को देखते हुए पुलिस हर एंगल से पड़ताल में जुटी है।
थाना लोहारा पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे का सच सामने आएगा। पुलिस सभी तकनीकी और मानवीय पहलुओं पर गौर कर रही है।
शोक में पूरा परिवार : घटना की खबर मिलते ही मृतक दीपक तिवारी के परिजनों में गहरा मातम पसर गया है। परिवार सदमे में है और न्याय की उम्मीद कर रहा है। स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। वे पुलिस से जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने की मांग कर रहे हैं।







