Home » दामिनी ने रचा इतिहास : मिस इंडिया यूनिवर्स 2025 का ताज, छत्तीसगढ़ को दिलाई राष्ट्रीय पहचान
छत्तीसगढ़

दामिनी ने रचा इतिहास : मिस इंडिया यूनिवर्स 2025 का ताज, छत्तीसगढ़ को दिलाई राष्ट्रीय पहचान

भाटापारा। छत्तीसगढ़ के भाटापारा में एक छोटे से कस्बे में रहने वाली बेटी दामिनी देवांगन ने अपनी मेहनत, आत्मविश्वास और सपनों के बल पर मिस इंडिया यूनिवर्स 2025 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। यह प्रतियोगिता गोवा के कैडोलिम बीच स्थित होटल सोनेस्टा इन में आयोजित की गई थी। दामिनी ने जनवरी 2025 में मिस छत्तीसगढ़ का ताज जीतने के बाद अब राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का परचम लहराया है।

दामिनी की सफलता की कहानी

दामिनी का परिवार मध्यम वर्गीय है। उनके पिता नारायण देवांगन एक छोटी सी दुकान चलाते हैं, जबकि उनकी मां एक गृहिणी हैं। दामिनी के दो छोटे भाई हैं। इस पृष्ठभूमि से निकलकर दामिनी का इस मुकाम तक पहुंचना न केवल व्यक्तिगत जीत है, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा भी है।

शिक्षा और पेशेवर जीवन

दामिनी वर्तमान में एमबीए के अंतिम वर्ष की छात्रा हैं। साथ ही, वह एक फार्मासिस्ट और प्रोफेशनल मेकअप आर्टिस्ट भी हैं। मॉडलिंग के लिए उन्होंने जनवरी 2025 से पेशेवर स्तर पर कदम रखा और तब से उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।

दामिनी के सपने और लक्ष्य

दामिनी अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करना चाहती हैं। उनका सपना है कि वे मिस वर्ल्ड 2026 में भारत के लिए जीत हासिल करें। इसके अलावा, वह ब्रांड एंबेसडर बनने और विज्ञापनों, फैशन शोज और ब्रांड शूट्स में काम करने की भी इच्छुक हैं।

सम्मान और मान्यता

दामिनी की इस सफलता के बाद, भाटापारा विधायक इंद्र साव ने उनके घर पहुंचकर सम्मानित किया और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। दामिनी ने कहा, “मैंने हमेशा दूसरों को आइडल माना, अब चाहती हूं कि लोग मुझे देखकर आगे बढ़ें”।

Search

Archives