Home » क्रिकेट स्पर्धा : बिलासपुर की शिल्पा साहू का शानदार प्रदर्शन, 96 गेंद में जड़े 77 रन
छत्तीसगढ़ बिलासपुर

क्रिकेट स्पर्धा : बिलासपुर की शिल्पा साहू का शानदार प्रदर्शन, 96 गेंद में जड़े 77 रन

बिलासपुर। बीसीसीआई की ओर से हैदराबाद में सीनियर विमेन जोनल क्रिकेट स्पर्धा का आयोजन किया जा रहा है। इसमें बिलासपुर क्रिकेट संघ की शिल्पा साहू सेंट्रल जोन की टीम से खेल रही हैं। बता दें कि टीम में छत्तीसगढ़ से शिल्पा एकमात्र महिला क्रिकेटर हैं, जिनका चयन हुआ है। इस दौरान उन्होंने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर अपनी काबिलियत दिखाई है। सेंट्रल जोन से खेल रही शिल्पा ने टीम को फाइनल में पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है। इसने 96 गेंद में 77 रनों की पारी खेलते हुए महत्वपूर्ण विकेट भी हासिल की है।
खेले गए मैच में साउथ जोन जैसी सशक्त टीम को सेंट्रल जोन ने 7 विकेट से हरा दिया। साउथ जोन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 45 ओवर में 203 रन बनाकर सभी विकेट खो दिए। इसके जवाब में सेंट्रल जोन ने 37 ओवर में 3 विकेट खोकर 204 रन बनाते हुए जीत हासिल की। इसमें शिल्पा साहू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 96 गेंद में 77 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। वहीं 7 ओवर की गेंदबाजी करते हुए 26 रन देकर एक महत्वपूर्ण विकेट भी हासिल की। टीम से खेल रही शिल्पा साहू ऑल राउंडर खिलाड़ी है। इससे पहले वेस्ट जोन के खिलाफ शिल्पा साहू ने नाबाद 31 रन बनाए। इसके साथ ही गेंदबाजी में चार ओवर में मात्र 8 रन देकर अपनी टीम को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
0 आज नार्थ जोन से फाइनल मुकाबला
मंगलवार को प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला होना है। सेंट्रल जोन और नार्थ जोन के बीच मैचा खेला जाएगा। शिल्पा साहू की इस सफलता पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के सचिव मुकुल तिवारी, बिलासपुर क्रिकेट संघ के अध्यक्ष नवीन जाजोदिया, सचिव विंटेश अग्रवाल, अनुराग बाजपाई, सुशांत राय, महेंद्र गंगोत्री, रितेश शुक्ला, देवेंद्र सिंह, आलोक श्रीवास्तव, आशीष शुक्ला आदि ने हर्ष व्यक्त करते हुए बेस्ट ऑफ लक कहा है।

Search

Archives