Home » टॉवेल को लेकर दो भाई में विवाद : छोटे ने बड़े की कर दी हत्या… आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
छत्तीसगढ़

टॉवेल को लेकर दो भाई में विवाद : छोटे ने बड़े की कर दी हत्या… आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

कोटा। कोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गनियारी के सूर्यवंशी पारा में पारिवारिक विवाद ने दिल दहलाने वाली घटना का रूप ले लिया। छोटे भाई ने मामूली बात पर गुस्से में आकर अपने ही बड़े भाई की हत्या कर दी। विवाद की वजह केवल एक टॉवेल बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार मंगलीराम और उसका छोटा भाई झंगलराम आपस में टॉवेल को लेकर विवाद कर रहे थे। दोनों भाई शराब के नशे में थे। बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों ने पास रखी ईंट से एक दूसरे पर हमला कर दिया। इसी दौरान एक ईट सीधे मंगलीराम के सीने में लगी। जिससे वह बेहोश होकर गिर गया। परिजनों ने तत्काल उसे कोटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल कराया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कोटा थाना प्रभारी तोप सिंह नवरंग ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मंगलीराम शराब के नशे में था और टॉवेल को लेकर अपने छोटे भाई से झगड़ रहा था। लोगों ने बीच बचाव किया तो वह कुछ समय के लिए शांत हो गया, लेकिन थोड़ी देर में फिर विवाद करने लगा और एक बड़ी घटना हो गई। पुलिस ने आरोपी झंगलराम के खिलाफ मामला दर्ज कर हिरासत में लिया है। मृतक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। गांव में इस घटना को लेकर लोग हैरान हैं कि मामूली सी बात ने एक परिवार को इस कदर तोड़ दिया।

Search

Archives