Home » छालीवुड डायरेक्टर मोहित साहू ने गर्लफ्रेंड से की मारपीट, लहूलुहान हालत में थाने पहुंची युवती
छत्तीसगढ़

छालीवुड डायरेक्टर मोहित साहू ने गर्लफ्रेंड से की मारपीट, लहूलुहान हालत में थाने पहुंची युवती

जबरन शादी का गंभीर आरोप : बोली- उज्जैन ले जाकर की दूसरी शादी, अब मुकरा
रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का मामला, पुलिस ने शुरू की जांच

रायपुर। राजधानी रायपुर में छालीवुड अभिनेता मोहित साहू के खिलाफ एक स्थानीय युवती ने मारपीट और जबरन शादी के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि अभिनेता ने उसे उज्जैन ले जाकर जबरन शादी कराई और बाद में रायपुर लौटने पर शादी से इंकार कर दिया।

युवती के अनुसार, मोहित साहू पहले से विवाहित हैं और उन्होंने अपनी पत्नी और युवती को अलग-अलग स्थानों पर रखा हुआ था। इस दौरान दोनों के बीच लगातार तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि शादी के नाम पर उसे लंबे समय तक गुमराह किया गया।

मामले में सामने आया है कि हाल ही में युवती और मोहित साहू के बीच विवाद हुआ था। विवाद के बाद आरोपी कथित रूप से युवती के घर में घुसा और किसी ठोस वस्तु से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। यह घटना भाटा गांव स्थित सिल्वर वॉक, ब्लॉक क्रमांक 410 में हुई, जो पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी का व्यवहार युवती के प्रति पहले से ही चिंताजनक रहा है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस जांच में मारपीट की पुष्टि

पुलिस जांच के दौरान फ्लैट के अंदर टूटी हुई कुंडी और खून के निशान मिले हैं। जिससे मारपीट की पुष्टि हुई है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें युवती के सिर से खून बहता साफ नजर आ रहा है। वीडियो देखकर यह आशंका जताई जा रही है कि उस पर किसी ठोस वस्तु से हमला किया गया। वीडियो सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। स्थानीय रहवासियों और सुरक्षाकर्मियों ने मोहित साहू के व्यवहार का विरोध किया तो डायरेक्टर ने सुरक्षाकर्मी के पैर छूकर माफी भी मांगी थी।

पुलिस ने भेजा अस्पताल, जांच जारी

मारपीट के बाद पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज जारी है। पुरानी बस्ती पुलिस ने युवती की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फिल्म निर्माता की ओर से बयान नहीं

फिलहाल आरोपी फिल्म निर्माता मोहित साहू की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट, वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुरानी बस्ती थाना प्रभारी ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है।

Search

Archives