रतनपुर। थाना क्षेत्र के ग्राम गोंदईया और बछालीखुर्द के ग्रामीणों से अयोध्या तीर्थ यात्रा के नाम पर रकम वसूल कर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी होरीलाल अनंत के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
प्रार्थी हेमंत साहू पिता शत्रुहन साहू निवासी ग्राम गोंदईया ने ग्रामीणों की ओर से थाना रतनपुर में शिकायत दर्ज कराई है कि होरीलाल अनंत पिता टेसूदास अनंत निवासी झझपुरीकला सतनामीपारा थाना लोरमी जिला मुंगेली पिछले लगभग एक वर्ष से दोनों गांवों में आना जाना कर रहा था। वह खुद को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र अयोध्या से जुड़ा सदस्य बताकर ग्रामीणांे का विश्वास जीतने में सफल हो गया। आरोपी ने ग्रामीणों से राम मंदिर निर्माण सहयोग के नाम पर चावल और नगद राशि भी एकत्र की थी।
ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपी ने बाद में अयोध्या तीर्थ यात्राप कराने का झांसा देकर प्रति व्यक्ति 1501 रूपए जमा करवाएं। ग्राम गोदईया के 43 ग्रामीणों से कुल 64 हजार 543 रूपए तथा ग्राम बछालीखुर्द के 32 ग्रामीणों से 48 हजार 32 रूपए वसूले गए। इस तरह कुल 75 लोगों से 1 लाख 12 हजार 575 रूपए आरोपी ने अपने पास जमा कर लिए। ग्रामीणों के अनुसार तीर्थ यात्रा पर ले जाने के लिए मई 2026 की तारीख तय की गई थी। लेकिन तय समय आने के बाद आरोपी अचानक संपर्क से बाहर हो गया। उसका मोबाईल बंद आने लगा और उसने गांव में आना जाना भी बंद कर दिया। इससे ग्रामीणों को संदेह हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी की गई है।
शिकायत में ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी ने धार्मिक आस्था और भगवान राम के नाम का सहारा लेकर लोगों का भरोसा जीता और फिर तीर्थ यात्रा के नाम पर रकम ऐंठ ली। जब लंबे समय तक कोई यात्रा आयोजित नहीं हुई और आरोपी गायब हो गया, तब दोनों गांवों के लोगों ने सामूहिक रूप से थाना पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। रतनपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुट गई है। यह भी जांच की जा रही है कि अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह लोगों को ठगी का शिकार तो नहीं बनाया गया।







