जांजगीर-चांपा। चौकी नैला क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिवनी बोडसरा के इंदिरा आवास मोहल्ले के समीप खेत की ओर एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप् एवं सीएसपी कविता ठाकुर स्वयं फारेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
पुलिस के अनुसार सुबह ग्रामीणों ने खेत की ओर एक युवक का शव पड़ा देखा और तत्काल इसकी सूचना चौकी नैला पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग 92/2025 धारा 194 बीएनएस के तहत दर्ज कर प्रारंभिक जांच शुरू की। शव की स्थिति और आसपास के साक्ष्यों को देखते हुए मामला प्रथम दृष्टया हत्या का प्रतीत हुआ। जांच के दौरान मिली जानकारी के अनुसार मृतक और आरोपी आपस में परिचित थे और घटना की रात सभी ने साथ बैठकर शराब का सेवन किया था। नशे की हालत में आपसी विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने युवक की हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। शार्ट पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया । इस पूरे मामले मेंपुलिस द्वारा तेजी से कार्रवाई करते हुए साक्ष्य संकलन और अन्य कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्र में इस जघन्य वारदात को लेकर लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को कठोर सजा दिलाई जाएगी।







