बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक महिला से 50 हजार रूपए की चोरी का मामला सामने आया है।
प्रार्थी बहुरा बाई यादव ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह 6 जून को सुबह करीब 11 बजे तिफरा स्थित बजरंग होटल के पास से ऑटों में सवार होकर मंगला स्थित अपने घर जा रही थी। उनके पास पीले रंग का एक बैग था। जिसमें 500-500 और 200 रूपये के नोट सहित कुल 50 हजार रूपए रखे हुए थे। नेहरू चौक के पास दो अज्ञात महिलाएं भी उसी ऑटो में सवार हुई। उनमें से एक प्रार्थी के बगल में बैठ गई और अपने सामान को बहुरा बाई की गोद में रख दिया। प्रार्थी को उस दौरान कुछ असामान्य महसूस हुआ। जब महिला का हाथ उनकी कमर के पास बार‘-बार टकरा रहा था, लेकिन उन्होंने ऑटो के हिलने की वजह से उस पर ध्यान नहीं दिया। मंगला चौक पहुंचने पर जब बहुरा बाई ने ऑटो से उतरने के बाद अपना बैग चेक किया तो बैग की चेन खुली हुई थी। उसमें रखा 50 हजार रूपए गायब थे। उन्होंने तत्काल एक अन्य ऑटों से उन महिलाओं की तलाश करने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं मिली। पुलिस ने प्रार्थिया की शिकायत के आधार पर अज्ञात महिला उम्र 40 से 50 के खिलाफ धारा 303 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।







