मस्तूरी। थाना क्षेत्र के अंतर्गत गतौरा में पदस्थ एक व्याख्याता पर शुक्रवार को शराब के नशे में धुत ग्रामीण ने लाठी से हमला कर घायल कर दिया। इस संबंध में पीड़ित शिक्षक जगतराम खूंटे निवासी राजकिशोर नगर ने मस्तूरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
प्रार्थी ने बताया कि वह शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गतौरा में व्याख्याता के पद पर पदस्थ है। 12 सितंबर को प्रातः 10 बजे विद्यालय समय पर ड्यूटी में था। दोपहर लगभग 3.30 बजे गांव का ही दीपराज कुर्रे उर्फ लाला शराब के नशे में स्कूल पहुंचा और उसकी बेटी जो कक्षा 10वीं में अध्ययनरत है, को लेकर मेरी लड़की से सभी स्टाफ मारपीट करते हो कहते हुए गाली गलौच एवं अपमानजनक बातें करने लगा। जिसे स्टाफ ने समझाइश दी तो वह लौट गया, लेकिन थोड़ी देर बाद लाठी लेकर विद्यालय परिसर में पुनः पहुंचा। आरोपी ने व्याख्याता तथा शिक्षक सुनील कुमार गढ़ेवाल से शराब पीने के लिए पैसे की मांग की। पैसे देने से मना करने पर उसने गाली गलौच करते हुए दोनों पर लाठी से हमला कर दिया। हमले में व्याख्याता को हाथ, पीठ, कमर और पैर में चोटे आई। बीच बचाव करने आए शिक्षक गढेवाल भी घायल हुए। हमले के बाद आरोपी फरार हो गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर मस्तूरी पुलिस ने आरोपी दीप राज कुर्रे उर्फ लाला के खिलाफ धारा 115, 121, 132, 221, 296 एवं 351 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







