बिलासपुर। महाराणा प्रताप चौक के पास रिंग रोड पर मंगलवार रात उस समय अफरा तफरी मच गईत्र, जब चलती सफारी वाहन सीजी 10 10 एनसी 4599 में अचानक आग लग गई। वाहन से धुआं और आग की लपटें उठती देख चालक ने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को सड़क किनारे रोक दिया। इसके बाद वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन रिंग रोड से गुजर रहा था, तभी अचानक उसमें आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग तेज से फैलने लगी। घटना के बाद आसपास मौजूद लोग भी मदद के लिए दौड़े। कुछ युवकों ने पास से रेत लाकर जलते वाहन पर डालना शुरू किया। इसी बीच पुलिस और फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई, लेकिन फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही आसपास के लोगों ने काफी मशक्कत के बाद रेत डालकर आग पर काबू पा लिया। आग बुझाने के बाद क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटाया गया। जिसके बाद रिंग रोड में यातायात सामान्य हो सका। आग लगने के कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। वाहन में तकनीकी खराबी के चलते आग लगी या कोई अन्य वजह थी, इसका पता जांच के बाद चल सकेगा। वाहन को काफी नुकसान हुआ है। हालांकि राहत की बात यह है कि समय रहे सभी लोग वाहन से बाहर निकल आए और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।







