Home » कोटराही जंगल में हैवानियत: फुफेरे भाई को बांधकर युवती से गैंगरेप, तीन आरोपी हिरासत में
छत्तीसगढ़

कोटराही जंगल में हैवानियत: फुफेरे भाई को बांधकर युवती से गैंगरेप, तीन आरोपी हिरासत में

वाड्रफनगर । बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर चौकी क्षेत्र स्थित कोटराही जंगल में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। दिनदहाड़े जंगल के रास्ते से गुजर रही 19 वर्षीय युवती को तीन दरिंदों ने अपना शिकार बनाया। आरोपियों ने पहले युवती और उसके फुफेरे भाई को रास्ते में रोका फिर भाई को बंधक बनाकर उसके सामने ही युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश व्याप्त है।

जानकारी के मुताबिक बसंतपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती रविवार दोपहर अपने फुफेरे भाई के साथ एक रिश्तेदार के घर जा रही थी। दोनों कोटराही जंगल के रास्ते पैदल आगे बढ़ रहे थे, तमभी बाइक सवार दो युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि दोनों युवकों ने धमकाते हुए उन्हें जंगल के भीतर ले जाकर युवक के हाथ पैर बांध दिए और उसे बंधक बना लिया।

इसके बाद आरोपियों ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। हैवानियत यहीं नहीं रूकी। आरोपियो ने अपने एक अन्य साथी को फोन कर मौके पर बुलाया और उसने भी युवती के साथ दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना से सहमी युवती और उसका भाई किसी तरह वाड्रफनगर पहुंचे और पुलिस से शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध तीन युवकों को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी आरोपी कोटराही गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक पीड़िता ने आरोपियों की पहचान कर ली है। पीड़िता एवं आरोपियों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस जघन्य घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों नेे आरोपियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई और त्वरित न्याय की मांग की है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी पारदर्शिता और गंभीरता के साथ की जा रही है। तथा दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Search

Archives