राजनांदगांव। युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका के पति को मारने की नीयत से होम थिएटर स्पीकर के भीतर दो किलो बारूद छिपाकर पार्सल बम तैयार करने और उसे गिफ्ट करने के मामले में पुलिस ने 7 आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने सनसनीखेज़ मामले का भंडाफोड़ करते हुए बताया कि दरअसल एक युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका के पति को मारने की नीयत से होम थिएटर स्पीकर के भीतर दो किलो बारूद छिपाकर पार्सल बम तैयार किया और उसे गिफ्ट कर दिया। किस्मत ने साथ दिया वरना पूरा इलाका एक बड़े धमाके से हिल जाता।
मामला तब उजागर हुआ जब गंडई निवासी अफसार खान के पास एक पार्सल पहुँचा। बाहर से वह बिल्कुल नया होम थिएटर लग रहा था,लेकिन उसे उठाते ही अफसार को शक हुआ। स्पीकर असामान्य रूप से भारी था और पावर पिन टूटा हुआ दिख रहा था। पेशे से इलेक्ट्रिशियन अफसार की नज़र तुरंत खतरे पर गई। उसे यह समझते देर नहीं लगी कि दाल में कुछ काला है। उसने सावधानी से पार्सल खोला तो उसके पैरों तले ज़मीन खिसक गई। स्पीकर के भीतर से जिलेटिन की छड़ें और तारों से जुड़ा डिटोनेटर निकला। उसने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी।







