जशपुर। बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जुरुडांड में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान मंगलवार रात करीब साढ़े दस बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गणेश विसर्जन करने तालाब की ओर जा रहे ग्रामीणों की भीड़ पर तेज रफ्तार बोलेरो ने कहर बरपाया। इस भयावह हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 22 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों में एक दर्जन से अधिक लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो बोलेरो इतनी तेज रफ्तार में थी कि भीड़ को रौंदते हुए कई लोगों को हवा में उछाल दिया। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने चालक की जमकर पिटाई कर दी, वहीं वाहन में सवार अन्य लोग मौके से फरार हो गए। हालांकि, पुलिस ने चालक और बोलेरो को कब्जे में लिया है। गाड़ी अंबिकापुर से कुनकुरी जा रही थी।
0 मृतकों और घायलों की सूची
हादसे में अरविंद (19 वर्ष) पिता तोबियस केरकेट्टा, विपिन कुमार प्रजापति (17 वर्ष) पिता देवनारायण, खिरोवती यादव (32 वर्ष) पत्नी हरीश यादव की मौत हुई है, वहीं घायलों में फकीर यादव, नीलू यादव, निरंजन राम, संदीप यादव, नारायण, देवंती, गुलापी बाई, याहूसु लकड़ा, संतोष प्रजापति, हेमंत यादव, उमा यादव, भुवनेश्वरी यादव, चंदा बाई, पिंकी, लीलावती प्रजापति, डमरूधर यादव, गायत्री यादव, आरती यादव, परमानंद यादव, अभिमन्यु, हेमानंद और बोलेरो चालक सुखसागर सहित 25 से अधिक लोग शामिल हैं।
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट- हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को बगीचा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां बीएमओ डॉ. सुनील लकड़ा व उनकी टीम ने रातभर उपचार किया। गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। सीएमएचओ डॉ. जी.एस. जात्रा खुद उपचार की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।







