रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने 2012 बैच के आईएएस अधिकारी रजत बंसल को तत्काल प्रभाव से मुख्यमंत्री सचिवालय में विशेष सचिव के पद पर पदस्थ किया है। इस नियुक्ति को प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जारी आदेश के अनुसार, रजत बंसल को मुख्यमंत्री सचिवालय के साथ-साथ जनसंपर्क विभाग की भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें आयुक्त, जनसंपर्क का प्रभार दिया गया है, जिससे सरकार की योजनाओं और नीतियों के प्रचार-प्रसार की अहम जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी।
कई विभागों की मिली अतिरिक्त जिम्मेदारी
नए आदेश के तहत रजत बंसल को एक साथ कई महत्वपूर्ण विभागों का प्रभार दिया गया है, जिनमें शामिल हैं, आयुक्त, जनसंपर्क, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, संवाद (सरकारी विज्ञापन और ब्रांडिंग), संचालक, भौमिकी एवं खनिकर्म, प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ राज्य खनिज विकास निगम (सीएमडीसी)। इस बहु-विभागीय जिम्मेदारी से साफ है कि सरकार ने उन पर भरोसा जताते हुए अहम भूमिकाएं सौंपी हैं।
प्रशासनिक हलकों में चर्चा
इस नियुक्ति के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि सरकार जनसंपर्क, खनिज और ब्रांडिंग से जुड़े क्षेत्रों में बेहतर समन्वय और प्रभावी क्रियान्वयन चाहती है।







