Home » अमित शाह का रायपुर आगमन आज, दो दिनी दौरे में नक्सल खात्मे पर करेंगे बैठक
छत्तीसगढ़

अमित शाह का रायपुर आगमन आज, दो दिनी दौरे में नक्सल खात्मे पर करेंगे बैठक

रायपुर । केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज 23 अगस्त की देर शाम तीन दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे। इस दौरान वे नक्सल विरोधी अभियानों पर कई बैठकों की अध्यक्षता करेंगे।

बता दें  केंद्र और राज्य की बीजेपी सरकार छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद को खत्म करने का ऐलान कर चुकी है। अब पार्टी अपनी रणनीति को आगे बढ़ा रही है। इस कार्य को अमलीजामा पहनाने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री तीन दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। वे बीएसएफ या एयर फोर्स के विशेष विमान से 23 अगस्त की देर शाम रायपुर पहुंचेंगे। रात्रि विश्राम के बाद 24 और 25 को बैठक लेंगे। इसके बाद 25 की शाम को वापस दिल्ली चले जाएंगे।

केंद्रीय गृहमंत्री शाह 24 अगस्त को नक्सल प्रभावित सात राज्यों के मुख्य सचिव, डीजीपी और अधिकारियों के साथ तीन अलग-अलग बैठक लेंगे। इसमें छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, झारखंड, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल के पुलिस प्रमुखों के शामिल होने की संभावना है।

इसके साथ ही बैठक में अर्द्धसैनिक बलों के ऑफिसर भी शामिल होंगे। बैठक में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में नक्सल विरोधी अभियान और विकास कार्यों की समीक्षा की जायेगी। 25 अगस्त को सहकारिता विभाग की बैठक लेंगे और इसी के साथ ही उनका छत्तीसगढ़ दौरा खत्म होगा।

केंद्रीय गृहमंत्री पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के क्रियान्वयन की समीक्षा भी कर सकते हैं। विधानसभा चुनाव 2023 और लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री शाह ने बीजेपी की सरकार बनने के बाद तीन साल में प्रदेश को नक्सलवाद से मुक्त कराने ऐलान किया था। हालांकि राज्य में बीजेपी सरकार बनने के बाद नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चल रहा है। इस साल अब तक राज्य में अलग-अलग मुठभेड़ों में सुरक्षा बलों ने 142 नक्सलियों को ढेर किया है।

Search