कोरबा। कोरबा क्षेत्र के जंगल में डेरा जमाए दंतैल हाथी को खदेड़ने की सारी कोशिश नाकाम हो गई हैं। कुमकी हाथी का 11 दिन कड़ी मेहनत करने के बाद भी उसे छाता जंगल से नहीं खदेड़ जा सका है। कुमकी हाथी को वापस भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार कुमकी दल का हाथी जब भी जंगल में प्रवेश करता था, दंतैल हाथी कुमकी हाथी को देखकर तेजी से दूर भाग जाता था। कुमकी हाथी और वन विभाग के कर्मचारियों की सभी कोशिश नाकाम रही। दंतैल हाथी को खदेड़ने के लिए वन विभाग के कर्मचारियों ने भरसक प्रयास किया। रात के समय अंधेरे में मशाल जलाकर दंतैल हाथी को जंगल से खदेड़ने की कोशिश की गई। जेसीबी के माध्यम से क्षेत्र को साफ कराया गया था। जिससे हाथी के पैरो के निशान का पता लगाया जा सके, लेकिन वन विभाग सफल नहीं हुआ। अब हाथी ने जंगल में डेरा जमा लिया है।
इसके कारण उस क्षेत्र के ग्रामीणों में डर बना हुआ है। ग्रामीण इलाके में लगातार ठहरने के कारण सब स्टेशन के पास विचरण करते पाए जाने पर बिजली घंटों तक बंद कर दी जाती है, जिससे क्षेत्र के ग्राम वासियों को बिना बिजली के रहना पड़ रहा है।







