जशपुर। युवक की हत्या के बाद शव को बोरी में भरकर जलप्रपात में फेंकने के मामले में पुलिस ने 6 आरोपी को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी एक ही परिवार के हैं। युवक की लाश पुलिस ने गुल्लुफाल छुरीघाट जलप्रपात से बरामद किया है। युवक की पहचान रामचंद्र राम के रूप की गई है।
जानकारी के अनुसार मृतक रामचंद्र के चाचा सुधवा राम झारगांव का रहने वाला है। इन्होंने थाना में शिकायत दर्ज कराया था कि मेरा भतीजा गांव में ही दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गया हुआ था, जिसके बाद से वापस नहीं लौटा है। आसपास के लोगों तथा रिश्तेदारों से भी युवक के बारे में पूछताछ की गई, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका है। ग्रामीण सुधवा की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। गुम इंसान का मामला दर्ज कर पतासाजी शुरू की। इसी बीच पुलिस को 22 जुलाई को एक बोरी में भरी हुई लाश गुल्लुफाल छुरीघाट जलप्रपात से मिला।
शव की पहचान रामचन्द्र राम के रूप में की गई। शव को कब्जे में लिया गया और पोस्टमार्टम कराया गया।
आरोपियों की पता-तलाश में जुटी पुलिस टीम झारगांव पहुंची। ग्रामीणों से पूछताछ में पता चला कि दशगात्र कार्यक्रम के दिन गांव में विवाद हुआ था। पुलिस ने संदेही आरोपी बसंत राम, गोविंद राम, संजय राम, सस्तु राम, ठीमन राम एवं गुदल राम को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में सभी ने हत्या की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि मृतक रामचंद्र राम शराब के नशे में अक्सर घर आकर कहता था कि रूपन्ति बाई पिता गुदल राम कुछ दिनों पहले फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी उसकी छोटी बहन एवं दामाद संजय को भी मैं जान से मार दूंगा। इस बात से आक्रोशित फूफा, दामाद व मामा सहित घर के छह सदस्यों ने मिलकर रामचंद्र राम की हत्या कर दी। साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से लाश को प्लास्टिक की बोरी में भरकर मृतक के शव को गुल्लुफाल छुरीघाट जलप्रपात में फेंक दिया। फिलहाल पुलिस ने सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।







