अंबिकापुर। रक्षाबंधन के त्योहारी सीजन से ठीक पहले सरगुजा जिले के अंबिकापुर में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने नकली पनीर के खिलाफ कड़ा कदम उठाया है। तिलसी चौक के एक मकान में छापेमारी कर विभाग की टीम ने 155 किलो नकली पनीर जब्त किया है। यह पनीर रायपुर और दुर्ग से लाकर स्थानीय बाजार में बेचा जा रहा था, जिसके बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, रक्षाबंधन के एक दिन पहले स्थानीय बाजार में नकली पनीर बिकने की शिकायत मिली थी। इस सूचना पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने तिलसी चौक स्थित एक मकान पर छापा मारा। जांच के दौरान 155 किलो नकली पनीर बरामद किया गया, जो रायपुर और दुर्ग से अंबिकापुर लाया गया था। अधिकारियों ने पनीर के सैंपल लिए, जिनकी जांच में यह पुष्टि हुई कि पनीर नकली था और इसमें मिलावटी सामग्री जैसे सस्ता मिल्क पाउडर, वनस्पति तेल और हानिकारक केमिकल्स का उपयोग किया गया था।
जांच के दौरान व्यापारियों से पनीर के स्त्रोत और गुणवत्ता से संबंधित कोई ठोस दस्तावेज नहीं प्रस्तुत किया जा सका। विभाग ने तत्काल सैंपल लेकर उसे जांच के लिए रायपुर स्थित लैब भेज दिया है। वहीं, बरामद पनीर को डीप फ्रीजर में सुरक्षित रखवा कर सील कर दिया गया है।







