रायगढ़। जिले में एक बुजुर्ग दंपती के जले हुए शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के क्रोन्धा गांव की बताई जा रही है। ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई हैं।
मूलतः घरघोड़ा क्षेत्र के औरामुड़ा गांव के निवासी मंगलू राम राठिया अपनी पत्नी पुनई बाई राठिया के साथ खेती के काम से क्रोन्धा गांव आए थे। बीती देर रात रहस्यमय तरीके से उनके मकान में आग लग गई। इस अग्निकांड में दोनों पति-पत्नी की जलकर मौत हो गई। सुबह इस घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
ग्रामीणों की सूचना के बाद धरमजयगढ़ पुलिस, फॉरेंसिक एक्सपर्ट के अलावा डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस हर पहलू से मामले की गहन जांच कर रही है। गांव के ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है।
इधर ग्रामीणों ने इस पूरे मामले में हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि यह घटना जमीन विवाद से जुड़ी हो सकती है। ग्रामीणों के अनुसार, अज्ञात आरोपियों ने पहले दंपती की हत्या की होगी। फिर साक्ष्य मिटाने के लिए उनके घर को आग के हवाले कर दिया होगा। यह वारदात बीती रात को अंजाम दी गई होगी।







