रतनपुर। ऐतिहासिक नगरी रतनपुर के करैहापारा स्थित बेदपारा निवासी एक युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र. में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार बेदपारा निवासी कैलाश केंवट 46 वर्ष मंगलवार सुबह करीब 10 बजे रत्नेश्वर तालाब में ढेस कंद निकालने के लिए गया हुआ था। स्थानीय लोगों ने बताया कि वह दोपहर करीब 1 बजे कुछ ढेस निकालकर तालाब से बाहर आया था। इसी दौरान उसने एक स्थानीय व्यापारी से मोबाईल पर बातचीत भी की। इसके बाद वह दोबारा तालाब में उतर गया और ढेस निकालने का काम करने लगा। बताया जा रहा है कि इसी दौरान तालाब के भीतर उसकी सांसे रूक गई और वह पानी में डूब गया। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता सताने लगी। रात करीब 9 बजे परिजन और मोहल्ले के लोग उसकी तलाश करते हुए रत्नेश्वर तालाब पहुंचे। वहां तालाब किनारे उसके कपड़े रखे मिले, जिससे अनहोनी की आशंका गहरा गई। इसके बाद तत्काल रतनपुर पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस की मौजूदगी में तालाब के अंदर खोजबीन शुरू की गई। काफी मशक्कत बाद रात लगभग 9.56 बजे कैलाश का शव तालाब से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच की जा रही है। युवक की अचानक हुई मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।







