दो घंटे बाद समाप्त हुआ चक्काजाम
मस्तूरी। जनपद पंचायत मस्तूरी के ग्राम पंचायत टिकारी अंतर्गत जोरवाभाठा मोड़ में रहने वाले नाबालिग की गुरूवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत के बाद पूरे क्षेत्र के लोग शोक में डूबे रहे। ईट से लदी स्वराज माजदा की चपेट में आने से 17 वर्षीय विवेक बंजारे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जो लगभग दो घंटे तक जारी रहा।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम टिकारी के जोरवाभाठा मोड़ निवासी विवेक बंजारे अपने स्पलेंडर बाइक सीजी 10 सीए 7820 से टिकारी भाटापारा से वापस लौट रहा था। इसी दौरान ईैट से भरी स्वराज माजदा सीजी 10 एयू 5767 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसे अपनी चपेट में ले लिया।
हादसा इतना भीषण था कि विवेक के सिर में गंभीर चोट आई और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चक्काजाम शुरू कर दिया। सूचना पर तहसीलदार शिल्पा भगत और मस्तूरी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों की समझाईश के बाद तहसीलदार द्वारा मृतक परिवार को 25 हजार रूपए तत्काल सहायता राशि प्रदान की गई। वहीं शर्मा फ्लाई एस ब्रिक्स संचालक ने भी मानवीय संवेदना दिखाते हुए 50 हजार की सहायता राशि तत्काल उपलब्ध कराई। इसके बाद करीब दो घंटे बाद चक्काजाम समाप्त हुआ।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही विवेक के बड़े भाई की दूसरे राज्य में कार्य के दौरान दुर्घटनाप में मौत हो गई थी। विवेक अपने दिवंगत भाई के दशगात्र कार्यक्रम का निमंत्रण देने गया था। लौटते समय यह हादसा हो गया। एक ही परिवार में दो जवान बेटों की अल्प समय में हुई मौत से गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।







