Home » ए भाई जरा देख के चलो : मरवाही में सड़क हुई जर्जर, आवागमन करने वालों को हो रही परेशानी
छत्तीसगढ़

ए भाई जरा देख के चलो : मरवाही में सड़क हुई जर्जर, आवागमन करने वालों को हो रही परेशानी

सड़क पर गड्ढे और गढ्ढों में भरा पानी

मरवाही। जिला गौरेला-पेंड्रा- मरवाही मुख्य मार्ग काफी व्यस्ततम मार्ग है। इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों बड़ी व छोटी वाहनें गुजरती हैं। स्कूल के बच्चे भी विभिन्न माध्यमों से आवागमन करते हैं। सड़क की हालत इतनी जर्जर हो चुकी है कि कई स्थानों पर गड्ढे निर्मित हो चुके हैं। कई स्थानों पर सड़क में बारिश का पानी भरा हुआ है। ऐसे में आवागमन करने वालों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ो ओवरलोड वाहनें गुजरती हैं। इस वजह से सड़क पर गड्ढे निर्मित हो चुके हैं। सड़क पर कई स्थानों पर गिट्टियां उखड़ गई है। सड़क पर गड्ढों की वजह से दुर्घटना का अंदेशा बना हुआ है। दुपहिया सवार भी बड़ी मुश्किल से आवागमन करते हैं। वर्तमान में छोटे चक्कों के दुपहिया वाहन भी बाजार में उपलब्ध होने लगे हैं। वाहनों को शौकीनों ने इन वाहनों को अपने आवागमन का साधन बनाया है, लेकिन जर्जर सड़क और गड्ढों की वजह से स्कूटी सवार लोगों को परेशान होना पड़ रहा है।

गौरेला पेंड्रा के बीच आए दिन दुर्घटनाएं भी हो रही है। बताया जा रहा है कि कुछ ही साल पहले सड़क का निर्माण कार्य कराया गया था। सड़क निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया। यही कारण है कि सड़क जर्जर होने लगी है। मार्ग से शासन प्रशासन के अधिकारी भी गुजरते हैं, लेकिन उनका ध्यान भी इस ओर नहीं जा रहा है। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को इस ओर ध्यान देने की आवश्यकता है। सड़क निर्माण से आवागमन की परेशानी दूर होगी। साथ ही लगातार हो रही दुर्घटनाओं में कमी आएगी।

Search

Archives