बिलासपुर। थाना सकरी अंतर्गत सागरदीप कॉलोनी निवासी 84 वर्षीय सुरेन्द्र चंद्र सक्सेना के साथ अज्ञात मोबाइल धारक ने बैंक अधिकारी बनकर 79,999 रूपए की ऑनलाइन ठगी कर ली। पीड़ित ने मामले की शिकायत थाना सकरी में दर्ज कराई है। जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात मोबाइल धारनक के खिलाफ धारा 318 एवं 66 डी आईटी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
प्रार्थी सक्सेना जोकि सिंचाई विभाग से सेवानिवृत्त हैं, उन्होंने बताया कि 5 फरवरी 2025 को शाम करीब 6.30 बजे उनके मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाला खुद को बैंक का कर्मचारी बताकर उनके पंजाब नेशनल बैंक उस्लापुर शाखा के खाते से आनलाइन ट्रांजेक्शन बंद करवाने का झांसा देने लगा। पीड़ित के अनुसार कॉलर ने मोबाइल पर ओटीपी भेजकर उसे साझा करने को कहा। जैसे ही सक्सेना ने ओेटीपी साझा किया, उनके संयुक्त बैंक खाते से चार बार क्रमशः 59,000, 5,000, 1,000, और 9,999 रूपए की आनलाइन ठगी कर रकम आहरित कर ली गई। पीड़ित ने मामले की लिखित शिकायत थाने में दी है। पुलिस ने मोबाईल नंबर धारक के विरूद्ध मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।







