राजनांदगांव। स्वतंत्रता दिवस के दिन राजनांदगांव में बड़ा हादसा हुआ है। तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक से टकरा गई, जिससे उसमें सवार 6 लोगों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया।
राजनांदगांव के पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग के अनुसार यह दुर्घटना बाघनदी थाना क्षेत्र के चिरचारी गांव के पास सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुई, जब पीड़ित पड़ोसी राज्य ओडिशा जा रहे थे। उन्होंने बताया कि 25 से 30 साल की उम्र के सात दोस्तों का एक समूह इंदौर से घूमने निकला था। उज्जैन घूमने के बाद, वे छत्तीसगढ़ होते हुए ओडिशा के जगन्नाथ पुरी जा रहे थे।
प्रारंभिक जांच का हवाला देते हुए पुलिस ने आशंका जताई है कि चालक को झपकी आने से यह हादसा हुआ है। उन्होंने बताया कि कार दूसरी दिशा से आ रहे एक ट्रक से टकरा गई, जिससे कार में सवार पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि कार में सवार एक अन्य व्यक्ति की अस्पताल में मौत हो गई।







