कोरबा। करतला के बस स्टेण्ड रामपुर मार्ग पर लगभग 50 मीटर की दूरी पर स्थित 50 साल पुराना सरकारी कुआं लगातार हो रही भारी बारिश के कारण रात लगभग 2 बजे के लगभग भरभराकर नीचे धस गया। कुआं धसकते ही आसपास क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आवाज सुनकर लोग इधर उधर भागने लगे।
कुएं के आसपास ही कई लोगों का मकान है। ऐसे में कभी भी कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि क्षतिग्रस्त कुएं को तत्काल नही पाटा गया तो आसपास के मकान भी इसकी जद में आ सकते हैं। पशु कुएं मे गिरकर घायल हो सकते हैं। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने तहसीलदार करतला व जनपद पंचायत सीईओ सहित ग्राम पंचायत सरपंच/सचिव को लिखित में सूचना देकर तत्काल क्षतिग्रस्त कुआं को पटवाने हेतु निवेदन किया है, ताकि कोई जनहानि न हो।







